March 8, 2026

झगड़े और तलवार से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने झगड़े और हमले के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की पुलिस ने राजीव कॉलोनी निवासी रामबीर को पकड़ा है।

थाना आदर्श नगर में दर्ज शिकायत के अनुसार, यादव कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी धारा सिंह ने बताया कि 10 सितम्बर को उसका बेटा लक्ष्मण सेक्टर-60 स्थित अपने मकान पर गया था। तभी वहां कुछ लोग गाड़ियों और मोटरसाइकिलों से पहुंचे और तलवार व धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसकी गाड़ी में रखे पैसे और गले की चैन भी लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-65 को जांच सौंपी। जांच में सामने आया कि विनोद भाटी और अजय भाटी, जो शिकायतकर्ता के पड़ोसी हैं, उनकी पुरानी रंजिश थी। उन्होंने अपने ड्राइवर रामबीर से लक्ष्मण की निगरानी करने और जानकारी देने के लिए कहा। 10 सितम्बर को जैसे ही लक्ष्मण घर पहुंचा, रामबीर ने दोनों भाइयों को खबर दे दी। इसके बाद उनके साथियों ने मौके पर पहुंचकर हमला किया। वारदात के लिए रामबीर ने अपनी मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई थी।

पुलिस ने रामबीर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।