Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा नेशनल डिफेंस अकादमी एवं नेवल अकादमी परीक्षा तथा कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज परीक्षा के दौरान उचित निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि नकल या अनुचित गतिविधियों से बचा जा सके। एडीसी सतबीर मान ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर आज सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें परीक्षा को सुनियोजित ढंग से संपन्न करवाने के लिए ट्रासिट ऑफिसर और लोकल इंस्पेक्टर ऑफिसर्स को दिशा निर्देश दिए।
एडीसी सतबीर मान ने बताया कि यह काफी संवेदनशील कार्य है जिसे सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ करना है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश ना हो। परीक्षा के लिए संघ लोक सेवा आयोग ने जो नियम निर्धारित किए हैं, उनका दृढ़ता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी को कोई शंका हो तो उसे समय रहते दूर कर ले।
उन्होंने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा नेशनल डिफेंस अकादमी एवं नेवल अकादमी (एनडीए/एनए-II) परीक्षा तथा कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस-II) परीक्षा का आयोजन दिनांक 14 सितम्बर 2025 (रविवार) को जिला फरीदाबाद के 09 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। एनडीए/एनए-II परीक्षा में प्रथम पेपर का आयोजन प्रातः दस बजे से दोपहर साढ़े ग्यारह बजे तक तथा द्वितीय पेपर का आयोजन दोपहर दो बजे से सायं साढ़े चार बजे तक किया जाएगा। वहीं, सीडीएस-II परीक्षा में प्रथम पेपर प्रातः नौ बजे से ग्यारह बजे तक, द्वितीय पेपर दोपहर
साढ़े ग्यारह बजे से साढ़े दो बजे तक और तृतीय पेपर दोपहर चार बजे से सायं छह बजे तक आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, बिजली, पंखे, जैमर, पेयजल, शौचालय और साफ सफाई सहित अन्य उचित व्यवस्था के प्रबंध बारे भी अधिकारी ध्यान रखें और सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसी कोई भी परीक्षा सहयोगी सामग्री जो आपत्तिजनक है। उसको केंद्र में अंदर जाने ना दें। उन्होंने कहा कि यूपीएससी की हिदायतों के अनुसार परीक्षाओं में कोताही बरतने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी एवं एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, शिक्षाविद डॉ एमपी सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

