Faridabad/Alive News: इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला सीकरी शुभम फार्म हाउस में अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव के बाद वह पहली बार अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं में राजनीतिक रूप से जोश भरने के लिए आ रहे हैं।
विधानसभा चुनाव को अब एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की जयंती पर 25 सितंबर को रोहतक में होने वाली रैली के लिए निमंत्रण देना बहाना है।
वह प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और पार्टी संगठन को खड़ा कर रहे हैं। अब तक वह सभी जिलाध्यक्षों की घोषणा कर चुके हैं। कुछ विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों की घोषणा कर चुके हैं।
विधानसभा चुनाव के बाद उनकी 25 सितंबर को पहली बड़ी रैली है। यह पहली ऐसी रैली होगी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला नहीं होंगे।
यह रैली यह भी साबित करेगी कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के बाद अभय सिंह चौटाला का प्रदेश में कितना जनाधार है। यदि यह रैली सफल हो गई तो फिर उन्हें संगठन को मजबूत से खड़ा करने में कोई परेशानी नहीं होगी।यदि रैली में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटी तो उनका राजनीतिक ग्राफ शून्य हो जाएगा। क्योंकि रोहतक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ है।
ताऊ देवीलाल को जब रोहतक के लोगों ने अपना लिया तो वह देश की राजनीति के शिखर पर पहुंचे। जब रोहतक के लोगों ने लगातार तीन बार लोकसभा चुनाव में ताऊ देवीलाल को हराकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा का साथ दिया तो फिर हुड्डा प्रदेश की राजनीति के सिकंदर बन गए। अब यह रैली तय करेगी की आने वाले समय का हरियाणा का कौन सिकंदर बनेगा।

