Chandigarh/Alive News: पंजाब के कई जिलों में बाढ़ से हालात अब भी कठिन हैं। अमृतसर में जलस्तर घटने के बाद मरम्मत का काम तेज हुआ है। घोनेवाल, माछीवाल और कोट रजादा में धंसानों की मरम्मत शुरू हो गई है, लेकिन 5 जगह अभी मशीनरी नहीं पहुंच पाई है। वहां पहुंच बनाने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है।
रोपड़ में रेस्क्यू के दौरान एनडीआरएफ की एक बोट की हवा लीक हो गई, लेकिन बाकी नौकाओं से ऑपरेशन जारी रहा। फाजिल्का में सेना राहत और बचाव कार्य में जुटी है। लुधियाना में सतलुज का जलस्तर घट रहा है और प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की है।
अब तक बाढ़ से राज्य के 23 जिले प्रभावित हैं, जिनमें 1,948 गांव डूब चुके हैं। 3.84 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और 43 लोगों की मौत हो चुकी है। 21,929 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और 196 राहत शिविरों में 6755 लोग रह रहे हैं। 1,72,323 हेक्टेयर फसल को नुकसान हुआ है, जिसमें सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर में है।
कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने केंद्र और राज्य सरकार से किसानों की मदद के लिए बड़े राहत पैकेज की मांग की है। वहीं, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने 5 करोड़ रुपए दान किए हैं और
आईपीएल टीम पंजाब किंग्स ने लोगों से अधिक से अधिक मदद करने की अपील की है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह मध्यम बारिश और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

