March 10, 2026

यमुना का जलस्तर बढ़ा, दूल्हेपुर समेत कई गांव प्रभावित

Faridabad/Alive News: हथनी कुंड बैराज से चार दिन पहले छोड़े गए 3.29 लाख क्यूसेक पानी का असर अब यमुना नदी के निचले क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। बृहस्पतिवार शाम तक पानी की मात्रा घटकर 2,44,478 क्यूसेक दर्ज की गई, लेकिन नदी का जलस्तर 200.60 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया।

प्रशासन लगातार चेतावनी जारी कर रहा है, लेकिन दूल्हेपुर गांव के लोग अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। हालांकि, मोटर बोट व अन्य साधनों की मदद से पुलिस व प्रशासन फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाल रहा है। अब तक दूल्हेपुर के 100 से अधिक ग्रामीणों को अरुआ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है।

बढ़ते जलस्तर में लोग पकड़ रहे मछली
बाढ़ के बीच कुछ लोग नदी से मछली पकड़ते देखे गए। इसकी सूचना पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकाला और कड़ी चेतावनी दी।

बाढ़ से 27 गांव प्रभावित
यमुना किनारे बसे 27 गांवों के 603 लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। इनमें दूल्हेपुर के 100 से अधिक ग्रामीण शामिल हैं। प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से लगभग 3,000 एकड़ फसल और 260 मकान प्रभावित हुए हैं।

किसानों को नुकसान की जानकारी 72 घंटे के भीतर ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपलोड करनी होती है। लेकिन किसानों ने शिकायत की है कि पोर्टल पर फरीदाबाद जिले का कॉलम ही नहीं दिखाई दे रहा, जिससे वे अपना नुकसान दर्ज नहीं कर पा रहे हैं।

पूर्व विधायक का दौरा
पूर्व विधायक ललित नागर ने भी बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की।