March 8, 2026

खेलों से बनेगा स्वस्थ और अनुशासित भारत : कृष्ण पाल गुर्जर

Faridabad/Alive News: हॉकी के जादूगर और भारत रत्न मेजर ध्यानचंद की जयंती पर सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर से भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, समाजसेवी और नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, फिटनेस के महत्व को समझाना और नशा मुक्त समाज का संदेश देना था।

मुख्य अतिथि केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने खुद साइक्लोथॉन में हिस्सा लेकर युवाओं को प्रेरित किया। उनके साथ बड़खल विधायक धनेश अदलखा और एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश कुमार फागना भी मौजूद रहे।

कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासित बनाते हैं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक मजबूती और सकारात्मक सोच भी देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य नशा मुक्त भारत बनाना है और इसमें युवाओं की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि जैसे प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान शुरू कर देशवासियों को जोड़ा, वैसे ही नशा मुक्त भारत का सपना भी सभी के सहयोग से ही पूरा होगा। खेल राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजनों से समाज में अनुशासन और सकारात्मकता बढ़ती है।

कार्यक्रम के अंत में खेल परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, सोहनपाल छोकर, डीसी विक्रम सिंह, एडीसी सतबीर मान, एसडीएम अमित कुमार, प्रधान जिला परिषद विजय, खेल अधिकारी आशा, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी से बिजेंद्र सोरोत, मारवाड़ी युवा मंच प्रदेश अध्यक्ष विमल खंडेलवाल, जय सेवा फाउंडेशन के शाखा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।