March 8, 2026

फरीदाबाद में स्वच्छता अभियान जोरों पर, श्मशान घाट और मस्जिद परिसर में सफाई व पौधारोपण

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया। यह अभियान एनआईटी नंबर 3 स्थित श्मशान घाट और पास के मस्जिद परिसर में आयोजित हुआ, जहां सफाई के साथ-साथ पौधारोपण भी किया गया।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा खुद मौके पर पहुंचे और लोगों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 11 साप्ताहिक “हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान” चल रहा है, जिसे सफल बनाना प्रशासन और जनता की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि सभी लोग अपने आसपास सफाई रखें, कचरा डस्टबिन में डालें और गंदगी फैलाने से बचें।

अभियान में सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय निवासियों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर श्मशान घाट और मस्जिद परिसर की गहन सफाई की और पौधे लगाए। आयुक्त ने कहा कि पौधे हमें शुद्ध हवा और हरियाली देते हैं, इसलिए उनकी देखभाल भी जरूरी है। सभी ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी।

नगर निगम मुख्यालय और सभी ज़ोन कार्यालयों में भी सफाई
आयुक्त के निर्देश पर आज सुबह 9 से 11 बजे तक निगम मुख्यालय और सभी ज़ोन कार्यालयों में सफाई अभियान चलाया गया। निगम जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह और अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह की मौजूदगी में कर्मचारियों ने खुद सफाई में भाग लिया।

जॉइंट कमिश्नर ने कहा कि जिस तरह हम अपने घर की सफाई रखते हैं, उसी तरह दफ्तर की सफाई भी जरूरी है। अभियान में कर्मचारियों का उत्साह देखने लायक था।