Faridabad/Alive News: देशभर में कल रविवार के दिन राधा अष्टमी मनाई जाएगी। ये श्री कृष्ण जन्माष्टमी के 15 दिन बाद आती है और श्रद्धालुओं के लिए बहुत ही खास दिन होता है। भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाने वाली अष्टमी राधा रानी के जन्मोत्सव के रूप में पूजी जाती है। राधारानी के प्रकटोत्सव राधा अष्टमी के पावन अवसर पर फरीदाबाद के सेक्टर 37 में स्थित इस्कॉन मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिर प्रशासन और श्रद्धालु उत्सव की भव्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, झालरों और आकर्षक लाइटों से सजाया जा रहा है। आज सुबह से राधा–कृष्ण के विग्रहों के लिए विशेष पुष्प श्रृंगार की व्यवस्था की गई है । मंगला आरती और कीर्तन की तैयारी भी चल रही है। कल श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस मंदिर पहुंचकर व्रत, पूजा और संकीर्तन में भाग लेंगे। भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि वे आराम से दर्शन कर सकें।
कृष्ण गंगा देवी दासी ने जानकारी देते हुए बताया कि राधा अष्टमी के इस पावन अवसर पर मंदिर में सुबह साढ़े चार बजे से ही राधा रानी के मंगला दर्शन होंगे। उसके बाद राधा रानी का श्रृंगार किया जाएगा। करीब दस बजे उनका अभिषेक होगा साथ ही बारह बजे से मंदिर में बच्चों का कल्चर प्रोग्राम होंगा।कृष्णा और राधा रानी की लीलाओं का नृत्य श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर भजन–कीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा और महाआरती का आयोजन भी किया गया है । राधा रानी को 101 पकवानों सहित उनकी पसंदीदा अरबी की सब्जी का भोग लगाया जाएगा। उसके बाद उनके भोग को भक्तों में महाप्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा।
मंदिर प्रशासन ने भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पावन पर्व को भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की है।

