Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का नारा “नशे के विरुद्ध युद्ध” अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है। इसका मकसद है प्रदेश को नशा मुक्त बनाना। इसी कड़ी में “नमक लौटाओ” अभियान लोगों के सोच और व्यवहार में बदलाव लाने का एक अहम माध्यम बन गया है।
ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर आज फरीदाबाद में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया और मोहित हांडा के नेतृत्व में यह अभियान किया गया, जिसमें विशेष रूप से आंबेडकर चौक और बल्लभगढ़ मंडी जैसे चिन्हित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्परिणाम बताए गए।
कार्यक्रम का नेतृत्व ब्यूरो के जागरूकता और पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने किया। उनके साथ उप निरीक्षक बलवंत सिंह, मुख्य सिपाही दीपक कुमार और सिपाही गौरव भी मौजूद रहे।
डॉ. वर्मा ने बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य देश को नशा मुक्त बनाना है। इसके लिए दो तरह से काम हो रहा है—एक तरफ नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई, और दूसरी तरफ लोगों को जागरूक करना। उन्होंने आंकड़े बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 में 3823 मामले दर्ज कर 5930 आरोपियों को जेल भेजा गया, जबकि 2024 में 3330 मामलों में 5328 नशा तस्करों को पकड़ा गया। इस साल जनवरी से जून तक 1858 मामलों में 3051 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 87 लाख की संपत्ति जब्त की गई।
लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नशे की जानकारी 1933, NCB MANAS पोर्टल या हरियाणा के लिए जारी नंबर 9050891508 पर गुप्त रूप से दी जा सकती है। नशा छोड़ना चाहने वाले लोग भी इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक ब्यूरो 574 लोगों को नशा मुक्त कर चुका है।

