March 8, 2026

विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर घुटनों और जोड़ों के दर्द पर चर्चा व हेल्थ चेकअप कैंप

Faridabad/Alive News: विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर मानव सेवा समिति ने सर्वोदय हॉस्पिटल, सेक्टर-8 के सहयोग से शनिवार को मानव भवन, सेक्टर-10 में “घुटनों व जोड़ों में दर्द के कारण और इलाज” विषय पर स्वास्थ्य चर्चा व हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया।

कैंप में हिप और रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डॉ. पंकज वलेचा ने बताया कि घुटनों और जोड़ों में दर्द के पीछे चोट लगना, ऑस्टियोआर्थराइटिस, संक्रमण, मोटापा, मांसपेशियों व हड्डियों की कमजोरी जैसे कारण हो सकते हैं। सही निदान के लिए चिकित्सीय जांच और इमेजिंग की जाती है। इलाज में आराम, सिकाई, वज़न कम करना, दवाएं, फिजियोथेरेपी और जरूरत पड़ने पर सर्जरी शामिल हो सकती है।

कार्यक्रम के दौरान 112 लोगों के हीमोग्लोबिन, बीपी, थायरॉयड, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर की मुफ्त जांच की गई। फिजियोथैरेपिस्ट साक्षी भाटी और डाइटिशियन रीना ने भी घुटनों और जोड़ों की सेहत को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कैंप के आयोजन में वरिष्ठ प्रबंधक राकेश त्यागी, सहायक विवेक शर्मा और नरेश शर्मा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महासचिव सुरेंद्र जग्गा, चेयरमैन प्रोजेक्ट संजीव शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।