September 27, 2026

बेटे ने की पिता की हत्या, मां-बेटे ने शव फेंका पुलिया के नीचे

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के थाना बीपीटीपी क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेटे ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी और मां के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगा दिया।

पुलिस के अनुसार, अजरौंदा निवासी कुलबीर ने शिकायत दी कि उसका भाई हरबीर, जो टेरा लवीनियम सोसाइटी, सेक्टर-75 फरीदाबाद में अपनी पत्नी, बेटे और साली के साथ रहता था, लंबे समय से मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का शिकार था। परेशान होकर हरबीर अलग सेक्टर-7 में रहने लगा था। 11 जुलाई से उसका फोन बंद था। 14 जुलाई को उसकी पत्नी और बेटा गांव आए और बताया कि हरबीर विदेश गया है। बाद में भी पूछने पर उन्होंने टालमटोल किया और फोन बंद कर लिया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। अपराध शाखा सेंट्रल की पुलिस ने हरबीर की पत्नी संगीता और बेटे साहिल को गिरफ्तार कर लिया और थाना सूरजकुंड क्षेत्र से शव बरामद किया।

पूछताछ में पता चला कि 11 जुलाई की रात साहिल घर लौटा तो पिता ने दरवाजा नहीं खोला। साहिल पास के मकान से अंदर घुसा और पिता से झगड़ा कर उन्हें पीट-पीटकर मार डाला। बाद में मां के आने पर दोनों ने शव को उठाकर सूरजकुंड रोड पर सिद्धार्थ आश्रम के आगे पुलिया के नीचे फेंक दिया।

आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।