Faridabad/Alive News : गुरुवार वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल की प्रचार्या हेमा अरोड़ा के नेतृत्व में विद्यालय के ग्यारहवीं और बारहवीं के छात्रों एवं शिक्षकों ने एनआईटी न-2 में स्थित ताऊ देवी लाल वृद्धाश्रम का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य वृद्धों के प्रति करुणा, सम्मान और ज़िम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना था।
इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में करुणा, सेवा-भाव एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उन्हें राशन तथा आवश्यक वस्तुएं भेंट कीं। छात्रों ने वृद्धाश्रम के निवासियों के साथ गर्मजोशी से बातचीत की और यह दिन उनके लिए यादगार और स्मरणीय रहा। युवा आगंतुकों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ अच्छा समय बिताते हुए उनके अनुभव सुने और खुशी के पल साझा किये।
उन्होंने कैरम, पहेलियां, शतरंज आदि बोर्ड गेम खेले तथा नृत्य प्रदर्शन किया। उनके साथ उनके बचपन की यादों को तरोताजा किया एवं उनके जीवन के अनुभवों को जाना। छात्रों ने उनसे बात करके उनके अनुभवों से बहुत कुछ सीखा और सच्ची खुशी का अनुभव प्राप्त किया। इस पहल ने न केवल वृद्धों को खुशी दी, बल्कि छात्रों में सहानुभूति, कृतज्ञता और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों का भी संचार किया।
इस दौरान स्कूल की प्रधानाचार्या हेमा अरोड़ा ने अपने विचार साझा करते हुए फरीदाबाद में बढ़ते वृद्धाश्रमों पर चिंता व्यक्त की। छात्रों को अपने बुजुर्गों से जुड़न व उनका ख्याल रखने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वृद्धजन का सम्मान करना और उनकी सेवा करना सबका कर्तव्य है। इनके संघर्ष, अनुशासन और मेहनत से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। यदि हम उनके साथ समय बिताएंगे, उनकी भावनाओं को समझेंगे और उनका आदर करेंगे तो निश्चित ही संवेदनशील और सशक्त समाज की नींव रख सकेंगे।

