Faridabad/Alive News: बड़खल क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही सीवरेज की समस्या जल्द ही खत्म होने वाली है। नगर निगम महापौर प्रवीण जोशी ने बताया कि सुरजकुंड पार्किंग एरिया की जमीन पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाने की मंजूरी मिल गई है।
लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्लांट शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर, दयालबाग और आसपास के इलाकों को फायदा देगा। इससे न केवल सीवरेज की समस्या का समाधान होगा बल्कि जल संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
महापौर ने बताया कि एसटीपी से तैयार पानी का इस्तेमाल जमीन में पानी भरने, राजहंस होटल और ग्रीन बेल्ट की सिंचाई, और सूरजकुंड मेले में छिड़काव के लिए किया जाएगा। करीब 1.4 हेक्टेयर में बनने वाला यह प्लांट हजारों लोगों को लाभ पहुंचाएगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना में देरी का कारण उपयुक्त जमीन न मिलना था। अब पर्यटन विभाग से अनुमति मिलने के बाद सरकार के करोड़ों रुपये बचेंगे।
महापौर प्रवीण जोशी ने पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा, “बड़खल की जनता के हित में वर्षों से अटकी इस परियोजना को पूरा करना और फरीदाबाद के विकास को आगे बढ़ाना ही मेरा संकल्प है।”

