March 8, 2026

टेलीग्राम के जरिए 9.90 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-16 निवासी एक व्यक्ति के साथ टेलीग्राम के जरिए 9,90,880 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 7 जून 2024 को उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया जिसमें गूगल पर रेटिंग करके पैसे कमाने का लालच दिया गया था। इसके बाद उसकी बात ठगों से टेलीग्राम पर हुई और उसे एक ग्रुप में शामिल कर लिया गया। शुरू में उसे छोटे-छोटे टास्क दिए गए, जिनके बदले में उसे 15,850 रुपये मिले। बाद में उसे “पेड टास्क” करने को कहा गया, जिसके लिए उसने पैसे जमा करवाए। ठगों ने उसे बार-बार नए टास्क के नाम पर भुगतान करने को मजबूर किया और इस तरह कुल 9,90,880 रुपये हड़प लिए।

मामले की शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रईस उल इसलाम, बागर गांव, जिला बडगाम (जम्मू-कश्मीर) को हाल नूर नगर, ओखला (दिल्ली) से गिरफ्तार किया।

जांच में पता चला कि आरोपी बैंक खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी के 1,49,000 रुपये आए थे। आरोपी फिलहाल दिल्ली में एम.ए. की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।