March 8, 2026

रंजिश में एक युवक पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

Faridabad/Alive News : गांव दयालपुर के एक युवक को शनिवार की सुबह दौड़ लगाते समय चाकू मारकर घायल कर दिया। आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। जख्मी युवक को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की धर पकड़ शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार गांव दयालपुर निवासी अनुज हर रोज की तरह सुबह दौड़ लगाने के लिए आज भी घर से निकला था। अनुज ट्रैक पर दौड़ लगा रहा था। उसके पीछे एक अन्य युवक भी दौड़ रहा था। जैसे ही अनुज के 25 चक्कर पूरे हुए पीछे दौड़ रहे युवक ने पहले धक्का दिया और फिर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद अनुज घायल हो गया और हमलावर मौके से फरार हो गया। अनुज को जख्मी होने पर उसके परिजनों ने बीके अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया जहां अभी उसका इलाज चल रहा है।

घायल युवक अनुज के बड़े भाई ने बताया कि पलवल में वह खुद और अनुज दाेनाें एक दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग लड़की के मामले में उसको न्याय दिलाने के लिए पुलिस में परवी कर रहे थे। ये बात आरोपी युवक को रासनही आई। जब उन लाेगाें ने दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ पुलिस में कार्रवाई का दबाव बनाया और समझौता नहीं होने दिया, तो आरोपियों ने रंजिश रखते हुए फरीदाबाद के दयालपुर गांव में आकर उसके भाई को चाकू मार दिया। पीड़ित के भाई ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की हौ।