Faridabad/Alive News: धीरज नगर में एक युवक के साथ रॉड और डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। युवक को बीके अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मामले की शिकायत पल्ला थाना पुलिस को दी गई है । पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
धीरज नगर निवासी गौरव भारद्वाज (34) नामक युवक पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। पीड़ित के भाई सौरव भारद्वाज ने बताया कि, गौरव अपनी पत्नी के साथ काम पर जा रहा था, तभी केला देवी के पास तीन लोगों ने उसे रोक लिया और उस पर रॉड और डंडों से हमला किया। उन्होंने हमलावरों की पहचान लाला, कालू और सलमान के रूप में बताई है।
आरोपियों ने गौरव को रॉड और डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने मामले की शिकायत थाना पल्ला में दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह बदमाश हफ्ता वसूली का काम करते है। साथ में नशा तस्करी का काम भी करते है और आम लोगों को परेशान करते है।
सौरव भारद्वाज ने बताया कि पिछले साल भी इन्हीं बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला किया था, लेकिन उन्हे दबाव में आकर शिकायत वापस लेनी पड़ी थी। उनका कहना है कि अब इस बार उनके भाई पर हमला किया गया है और लगातार शिकायत वापस लेने की धमकियां दी जा रही हैं।
परिवार के सदस्यों ने प्रशासन से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।

