Faridabad/Alive News: सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में संचालित स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। चेयरमैन जगद्गुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने पहले झंडारोहण किया
उन्होंने कहा कि सभी को अच्छा नागरिक बनकर देश का विकास करना चाहिए। इसके लिए सेवा का माध्यम बनाएं। जैसे हम अपने परिवार की सेवा करते हैं वैसे ही समाज और राष्ट्र की सेवा का भी भाव हमारे अंदर होना चाहिए।
उन्होंने छात्रों से कहा कि बड़े होकर आपको देश चलाना है लेकिन इतनी बड़ी जिम्मेदारी बिना त्याग के पूरी नहीं हो सकती। इसलिए त्याग को आज से ही अपने जीवन का आदर्श बनाएं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें लेकिन देश के कानून का भी पालन करें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के द्वारा लोगों को अपनी योग्यता का परिचय कराया वहीं स्वतंत्रता का भाव भी भरने का प्रयास किया।

