Faridabad/Alive News: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस आयुक्त ने बैंक प्रबंधकों, पेट्रोल पंप संचालकों और ज्वेलरी शॉप मालिकों के साथ बैठक की। इस दौरान सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई और जरूरी निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सभी बैंक, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी शॉप में अच्छी गुणवत्ता वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाएं और यह सुनिश्चित करें कि कैमरे सही तरह से काम कर रहे हों। कैमरे इस तरह लगाए जाएं कि आने-जाने वाले लोगों का चेहरा स्पष्ट दिखे। डीवीआर को सुरक्षित जगह पर रखा जाए और कम से कम एक महीने का बैकअप रखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि इन स्थानों पर हेल्पलाइन नंबर, डायल 112 और नजदीकी थाने/चौकी के नंबर के बोर्ड लगाए जाएं। अनुभवी और हथियारबंद सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं, कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराएं, एटीएम बूथ पर 24 घंटे गार्ड हों, अलार्म सिस्टम सही हालत में रहे और आग बुझाने वाले यंत्रों की समय-समय पर जांच हो। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दी जाए।
ज्वेलर्स ने सुझाव दिया कि रात में दुकानों के पास पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। इस पर पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि रात में सुरक्षा के लिए ईआरवी/राइडर पॉइंट्स तय किए जाएंगे।
बैठक में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अभिषेक जोरवाल, पुलिस उपायुक्त एनआईटी मकसूद अहमद, सहायक पुलिस आयुक्त जितेश मल्होत्रा, निरीक्षक राजेश कुमार, प्रभारी सुरक्षा शाखा समेत बैंक, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी शॉप के संचालक मौजूद रहे।

