Ballabhgarh/Alive News: रविवार को बल्लभगढ़ में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि और विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सेक्टर-3 गुड़गांव कैनाल से हुआ और यह तिगांव रोड, शनिमंदिर, पंचायत भवन होते हुए अंबेडकर चौक ऑडिटोरियम पर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।
अपने संबोधन में कृष्णपाल गुर्जर ने मूलचंद शर्मा को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना और सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। सरकार ने न सिर्फ देश की सीमाओं की सुरक्षा बढ़ाई है, बल्कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं भी लागू की हैं। उन्होंने लोगों से एकजुट रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा के अलग-अलग जिलों में इस तरह की तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जो देशभक्ति और एकता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, मजदूरों और जवानों का हमेशा ध्यान रखा है और देश को एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान किया है।
यात्रा में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन, महिलाएं और युवा शामिल हुए। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना और नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना रहा।

