March 7, 2026

“स्वदेशी अपनाएं, अमेरिकी सामान का बहिष्कार करें – स्वदेशी जागरण मंच की अपील”

Faridabad/Alive News: अमेरिका ने भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद स्वदेशी जागरण मंच ने देशवासियों से विदेशी सामान का बहिष्कार करने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की है। मंच के उत्तर क्षेत्र सह संयोजक सतेन्द्र सौरोत ने कहा कि भारत के 10 करोड़ डेयरी किसान अमेरिकी सस्ते उत्पादों से प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने चिंता जताई कि अमेरिका में गायों को नॉन वेज खिलाया जाता है, जिससे वहां का दूध भी “अपवित्र” हो जाता है। ऐसे दूध को भगवान को चढ़ाना हमारी आस्था के खिलाफ है। सौरोत ने कहा कि सरकार का रुख सही है और इसे बनाए रखना चाहिए।

सतेन्द्र सौरोत ने लोगों से अपील की कि चीन, तुर्की और अमेरिका में बने सामानों का बहिष्कार करें। उन्होंने अमेजॉन, फ्लिपकार्ट और वालमार्ट जैसी विदेशी कंपनियों से सामान नहीं खरीदने और भारतीय प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

रक्षाबंधन के मौके पर मंच ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि हजारों व्यापारी शपथ ले रहे हैं कि वे विदेशी सामान न तो बेचेंगे और न ही खरीदेंगे।