June 13, 2026

फर्जी वेबसाइट बनाकर निवेश के नाम पर 4.20 लाख की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से लाखों रुपये हड़पे।

सेक्टर-75 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि 7 अक्टूबर 2024 को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को ब्रोकर बताया और शेयर मार्केट में निवेश करवाने की बात कही। शिकायतकर्ता ने उसकी बातों में आकर ‘एंजिल वन’ ऐप पर निवेश किया, जिसमें उसे नुकसान हो गया।

इसके बाद ठग ने नुकसान की भरपाई का लालच देते हुए उसे ganeshamsecurity.com  नामक वेबसाइट पर निवेश करने को कहा। ठग ने दावा किया कि यहां निवेश पर 10 गुना राशि ट्रेडिंग के लिए मिलती है। शिकायतकर्ता ने एक लाख रुपये का निवेश किया, लेकिन ठगों ने उसकी आईडी से बिना अनुमति के 3.5 लाख रुपये और निवेश कर दिए।

फिर कंपनी से कॉल कर शिकायतकर्ता को कहा गया कि उसे इस ट्रेड से निकलने के लिए पहले पैसे जमा करने होंगे। मना करने पर धमकी दी गई कि रिकवरी एजेंट को घर भेजा जाएगा और 10 गुना रकम चुकानी पड़ेगी। डर के कारण पीड़ित ने 3.2 लाख रुपये और भेज दिए। इसके बाद वेबसाइट पर उसका सारा पैसा नुकसान में दिखाया जाने लगा और ठगों ने कॉल उठाना बंद कर दिया।

पुलिस ने जांच के बाद इंदौर, मध्यप्रदेश निवासी 32 वर्षीय चेतन राठौड़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उसने निवेश के लिए फर्जी वेबसाइट बनाई थी और इच्छुक लोगों का डाटा इकट्ठा कर उन्हें कॉल करवाई जाती थी। ठगी के लिए आरोपी ने पहले से कई बैंक खाते भी खरीद रखे थे। आरोपी ने फॉरेन ट्रेडिंग में बीबीए की पढ़ाई की है।

अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।