March 10, 2026

रक्षाबंधन सौहार्द और भाई बहन की अटूटता का पवित्र त्योहार – नितिन वर्मा

Faridabad/Alive News : सेक्टर-28 स्थित डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में रक्षाबंधन का त्योहार बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य नितिन वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह त्योहार सौहार्द, स्नेह, विश्वास और भाई बहन की अटूटता का प्रतीक है। उन्होंने रक्षाबंधन की सभी छात्र, अभिभावक और विद्यालय परिवार को बधाई दी।

नितिन वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व हमारे सांस्कृतिक मूल्यों, पारिवारिक प्रेम एवं भाई-बहन के पवित्र संबंध का प्रतीक होने के साथ भारत की सांस्कृति को भी झलकाता है। यह पर्व न केवल स्नेह, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है, बल्कि यह हमें हमारी परंपराओं से जुड़ने और मानवीय संवेदनाओं को समझने की भी प्रेरणा देता है।

आशा करता हूं कि यह पर्व आपके जीवन में आनंद, एकता और समृद्धि लेकर आए। इस पवित्र उत्सव पर हम संकल्प लें कि हम सब मिलकर अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करेंगे, आपसी सहयोग और समझ को प्राथमिकता देंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और वृक्षों को अपना बंधु, रक्षक व प्राणदाता समझकर वृक्षारोपण करेंगे व उन्हें रक्षासूत्र बांधकर उनकी देखरेख व सुरक्षा का प्रण लेंगे।

स्कूल की प्रबंधक कल्पना वर्मा ने बताया कि स्कूल में राखी उत्सव पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्र एवं छात्राओं ने सौहार्द की भावना जागृत करते हुए नृत्य-गायन और रंगबिरंगी राखियां बनाने के साथ एक से बढ़कर एक प्रस्तुति पेश कर तालियां से संपूर्ण स्कूल परिसर गुंजायमान कर दिया।