Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ पत्रकार एसोसिएशन ने आज गुरुवार को फरीदाबाद सेक्टर 16 सागर सिनेमा कार्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें पत्रकारों को इलेक्ट्रिक स्कूटर प्रदान किए गए। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पत्रकारों को संगठन की ओर से वितरित की जा रही स्कूटर की चाबियां प्रदान कीं और सभी पत्रकारों को इस सम्मान हेतु शुभकामनाएं दीं।
विपुल गोयल ने कहा कि “बल्लभगढ़ पत्रकार एसोसिएशन की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। सीमित संसाधनों में पत्रकारों के हित में इस प्रकार का कार्य करना प्रेरणादायक है। इलेक्ट्रिक स्कूटर पत्रकारों की सुविधा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होगी।” समाज में पत्रकारों की भूमिका न केवल महत्वपूर्ण है, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक भी है। जब पत्रकार आत्मनिर्भर होंगे, तभी वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता कर सकेंगे।
इस अवसर पर पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद मित्तल सहित संगठन के सभी पदाधिकारीगण, वरिष्ठ पत्रकार गण और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त किया और इस सामूहिक खुशी के क्षण को मिलकर साझा किया।
यह कार्यक्रम पत्रकारों के लिए न केवल एक साधन उपलब्ध कराने की पहल थी, बल्कि उनके सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम भी सिद्ध हुआ।

