March 8, 2026

एक हफ्ते में 6 साइबर ठगी मामलों का निपटारा, 20 आरोपी गिरफ्तार, 42.54 लाख रुपये की रिकवरी

Faridabad/Alive News: पुलिस आयुक्त के दिशा निर्देश में कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की पुलिस ने इस सप्ताह में 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 42.54 लाख रुपए बरामद किये हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जुलाई से एक अगस्त तक फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की पुलिस ने 6 मुकदमों को सुलझाते हुए 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें साइबर थाना सेंट्रल के 2, NIT का 1 व बल्लभगढ़ के 3 मामले शामिल है। इस दौरान साइबर थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 42,54,453 रुपये बरामद किये हैं और 141 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 2 लाख 13 हजार रुपये  रिफंड कराये हैं, साथ ही 9 लाख 10 हजार रुपए खातों में फ्रिज कर लिए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में गौरव शर्मा, मनोज कुमार, भानु दत्त, आशीष चंद्र, नितेश, विजय चौधरी, रजनीश सिंह, सतेंद्र, सुखदेव, सिद्धार्थ सिंह चौहान, विश्वास, पंकज, दीपांशु गर्ग, तंजीर अहमद, आमिर खान, आसिफ कुरेशी, महावीर, कैलाश, रनेश व बाबूलाल का नाम शामिल है।

पुलिस प्रवक्ता ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि साइबर ठगी के मामले में लोगों के द्वारा लालच दिखाना, डर व जागरूक न होना ठगी का कारण है। अनजान नंबर से आने वाली कॉल को बिल्कुल ना उठाएं, पुलिस कर्मचारी, सीबीआई या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर कोई धमकी दे तो डरे नहीं, वह साइबर ठग हो सकता है, इस प्रकार अधिकारी बनकर आप पर कोई दबाव डालता है तो इसकी जानकारी अपने परिजनों, करीबी व पुलिस को दें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, किसी अनजान के कहने पर रकम ट्रांसफर न करें, अपनी किसी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करें, समय-समय पर अपना सॉफ्टवेयर अपडेट करें तथा ऑनलाइन ऑफर के बहकावे में न आये। अनजान व्यक्ति की बातों पर विश्वास न करें, फोन कॉल पर अपने खाते व क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी किसी को भी न दें। जागरूक और सतर्क रहना ही साइबर धोखाधड़ी के विरुद्ध सबसे बड़ा हथियार है। साइबर ठगी के मामले में तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें तथा ऑनलाइन वेबसाइट www.cybercrime.gov.in  पर भी शिकायत भेजें।