March 12, 2026

टेलिग्राम टास्क के नाम पर ठगे 4.30 लाख रुपये, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: टेलिग्राम टास्क के नाम पर 4.30 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरीदाबाद साइबर पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल में सेक्टर-18, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी, जिसमें आरोप लगाया कि 26 नवम्बर 2024 को उसे व्हाट्सएप पर घर बैठे पैसे कमाने बारे मैसेज प्राप्त हुआ। फिर ठगों ने उसके पास एक लिंक भेजा और उसे टेलिग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। जहां पर उसको टास्क पूरा करके मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। फिर उसे कुछ टास्क दिये गये, जिसके बदले उसे टास्क के नाम पर 4.30 लाख रुपये ऐंठ लिये। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नितेश (उम्र 22) निवासी गांव शेखपुर सिकारपुर जिला रेवाडी, हरियाणा को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि नितेश खाताधारक है जिसने अपना खाता ठगों को दे रखा था और इसके खाता में ठगी के 50 हजार रूपये आये थे। आरोपी आईटीआई करके बावल में एक कम्पनी में काम करता है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया।