March 8, 2026

कैलिफोर्निया में अमेरिकी नौसेना का एफ-35 विमान क्रैश

Delhi/Alive News: अमेरिकी नौसेना का एक एफ-35सी फाइटर जेट बुधवार शाम को कैलिफोर्निया के नेवल एयर स्टेशन लेमूर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट ने समय रहते इजेक्शन कर जान बचाई। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना स्थानीय समयानुसार शाम साड़े छ: बजे के करीब हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दुर्घटनास्थल से काले धुएं और आग की लपटें उठती दिखीं। यह इलाका फ्रेस्नो शहर से करीब 64 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है और पूरी तरह खुला फार्मलैंड है।

फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ ऑफिस ने बताया कि स्थानीय ईएमएस क्रू और कैल फायर की टीम मौके पर पहुंची और पायलट को प्राथमिक चिकित्सा दी गई।

विमान वीएफ-125 रफ राइडर्स स्क्वाड्रन का हिस्सा था। यह पायलटों की ट्रेनिंग के लिए जाना जाता है। यह यूनिट एफ-35सी वर्जन को ऑपरेट करती है, जो यूएस नेवी के एयरक्राफ्ट कैरियर के लिए डिजाइन किया गया है। इस हाई-टेक जेट की कीमत लगभग 800 करोड़ रुपये है। ये इस साल का दूसरा एफ-35 क्रैश है। इससे पहले जनवरी में अलास्का के एक एयरबेस पर भी ऐसा ही हादसा हुआ था जिसमें पायलट सुरक्षित बच निकला था। एफ-35 अमेरिकी सैन्य बेड़े का पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट है। इसे लॉकहीड मार्टिन ने तैयार किया है।