Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने एक बैठक की, जिसमें एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) से जुड़े लंबित मामलों, प्रदूषण और बेसहारा पशुओं की व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में एडीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पर्यावरण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करें। जिन मामलों में एनजीटी पहले ही आदेश दे चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बैठक में बताया गया कि नहर पार इलाके में कुछ अवैध फैक्ट्रियां चल रही थीं। इन पर प्रशासन ने छापेमारी की और एनजीटी नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीसी सतबीर मान ने कहा कि गंदे पानी के स्रोतों की पहचान कर संबंधित विभाग मिलकर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने सुझाव दिया कि फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग और नगर निगम मिलकर एक टीम बनाएं ताकि यमुना नदी में गंदे पानी का बहाव रोका जा सके।
बेसहारा पशुओं के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एडीसी ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में चारे, साफ पानी, दवाइयों और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बेसहारा पशुओं को पहचान कर उन्हें गौशालाओं में ले जाने की प्रक्रिया तेज की जाए। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम में जो 24 नए गांव शामिल हुए हैं, वहां भी गौशालाएं खोलने की संभावनाएं तलाशी जाएं।
इस बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एमडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

