September 27, 2026

दो करोड़ से होगा दस पार्को का नवीनीकरण, मंत्री ने किया शुभारम्भ

Faridabad/Alive News: बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज रविवार को सेक्टर-45 और 46 स्थित नगर निगम वार्ड-20 के तहत आने वाले 10 पार्कों के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले इन कार्यों की शुरुआत स्थानीय निवासियों के हाथों नारियल तुड़वाकर की गई। इस मौके पर वार्ड पार्षद लिक्खी चपराना, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उत्साह और सहयोग का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर श्री गुर्जर ने कहा कि इन पार्कों का नवीनीकरण स्थानीय नागरिकों को एक स्वच्छ, हरित व आधुनिक सार्वजनिक स्थल प्रदान करेगा, जिससे वे मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त रह सकेंगे। कार्यों में इंटरलॉकिंग टाइलें, साफ-सफाई, मरम्मत, हरियाली और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

भूमिगत बिजली परियोजना से शहर होगा और बेहतर

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि फरीदाबाद में बिजली की ओवरहेड तारों को भूमिगत करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 2800 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इसके लिए टेंडर भी लगाए जा चुके हैं। आने वाले डेढ़ से दो वर्षों में यह कार्य पूरा होने की संभावना है। इस परियोजना से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि सड़कों के चौड़ीकरण और हरित क्षेत्र के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद की सड़कों और हाइवे कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

महापौर ने बताई जलभराव में कमी
नगर निगम महापौर प्रवीण जोशी ने जानकारी दी कि मानसून से पूर्व चलाए गए नाला व ड्रेनेज सफाई अभियान के सकारात्मक परिणाम मिले हैं, और इस वर्ष जलभराव की समस्या में काफी हद तक कमी आई है। उन्होंने बताया कि सीवर, पेयजल, सड़क, और कचरा प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर नगर निगम द्वारा योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है।

विधायक ने बताई विकास योजनाओं की स्थिति
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने अपने संबोधन में कहा कि बड़खल क्षेत्र में सीवर, पेयजल, ट्यूबवेल और सड़क से जुड़ी करोड़ों रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि बड़खल विधानसभा का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है, जिसमें केंद्र व राज्य सरकार का उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है।

जनसंवाद और समस्या समाधान
कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, महापौर प्रवीण जोशी और विधायक धनेश अदलखा ने आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इससे आमजन में सरकार और प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का भाव देखने को मिला।