March 8, 2026

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बातचीत, ट्रम्प बोले- जल्द हो सकता है समझौता

Delhi/Alive News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका जल्द भारत के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता कर सकता है। उन्होंने बताया कि जैसे अमेरिका ने इंडोनेशिया के साथ समझौता किया है, वैसा ही भारत के साथ भी हो सकता है।

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका से जाने वाले उत्पादों पर भारत में टैक्स (टैरिफ) नहीं लगेगा। उन्होंने दावा किया कि अगर वे भारत को एक पत्र भेजेंगे, तो डील हो जाएगी।

ट्रम्प ने मंगलवार को इंडोनेशिया से आने वाले सामानों पर 19% टैक्स लगाने की घोषणा की थी। लेकिन इंडोनेशिया में अमेरिकी सामानों पर कोई टैक्स नहीं लगेगा।

भारत और अमेरिका के बीच भी ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही है। भारतीय वाणिज्य मंत्रालय की टीम अमेरिका में है। ये बातचीत सोमवार से शुरू हुई थी और गुरुवार तक चलने की उम्मीद है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि अमेरिका भारत से आयात किए जाने वाले सामानों पर 10% से कम टैक्स लगाए। इसके बदले भारत अमेरिका के औद्योगिक उत्पादों पर टैक्स खत्म करने को तैयार है, लेकिन कृषि और डेयरी क्षेत्रों को विदेशी कंपनियों के लिए नहीं खोलेगा।

भारत ने अमेरिका को अपने कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाजार देने और बोइंग कंपनी से और विमान खरीदने का संकेत भी दिया है। अभी तक भारत को अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक टैक्स नोटिस नहीं मिला है। लेकिन अगर 1 अगस्त तक समझौता नहीं होता, तो अमेरिका भारतीय सामानों पर 16% अतिरिक्त टैक्स लगा सकता है।

इससे भारत के लिए अमेरिकी बाजार में सामान बेचना महंगा और कठिन हो जाएगा। हालांकि भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने साफ कहा है कि भारत किसी भी समझौते पर तभी हस्ताक्षर करेगा, जब वह देश के हित में होगा और पूरी तरह जांचा-परखा गया होगा।