March 8, 2026

अवैध पार्सल का डर दिखा कर 25 लाख 40 हजार रूपये की ठगी

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सैंट्रल की पुलिस ने अवैध पार्सल का डर दिखा कर ठगी करने वाले एक आरोपी को किया गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को पुछताछ के लिए 4 दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-80 निवासी एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में बताया कि 29 नवम्बर 2024 को उसके पास एक कॉल आया, जिसमें ठग ने खुद को कथित कस्टम अधिकारी बतलाया और शिकायतकर्ता को कहा कि उसके नाम से एक पार्सल मलेशिया जा रहा है, जिसमे 16 फर्जी पासपोर्ट , 140 ग्राम एमडीएमए तथा 58 एटीएम कार्ड है। जिसपर शिकायतकर्ता ने ऐसा कोई पार्सल नहीं भेजने की बात कही गई। जिसके बाद ठग ने उसकी बात एक कथित सीबीआई अधिकारी, मुम्बई से करवाई। जिसने वैरिफिकेशन के लिए शिकायतकर्ता का आधार कार्ड नंबर व फोटो लिया और पार्सल उसी का होने की बात कही और कहा कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो रखा है अगर वह इस मामले को यही खत्म करना चाहता है तो वो अपने उच्च अधिकारी से बात करवा सकते है। जिसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप विडियों कॉल के जरिये उसकी बात कथित उच्च अधिकारी से करवाई। जिसने उसे गिरफ्तारी का डर दिया तथा मामले को खत्म करने के लिए 25,40,000 रूपये की मांग की। गिरफ्तारी के डर से शिकायतकर्ता ने ठगों के द्वारा बताये गये खाता में पैसे ट्रांसफर कर दिए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुजरात अहमदाबाद निवासी रवि प्रकाश भाई को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पुछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक प्राईवेट कंपनी में काम करता है तथा आगम भाई शाह(खाताधारक) का खाता लेकर आगे किसी को दे दिया था। आगम भाई शाह को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। खाते में ठगी के कुल 5 लाख रुपये आए थे।