Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की मानव सेवा समिति देवउठनी एकादशी के अवसर पर एक नवंबर को 21 वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करेगी। यह फैसला समिति की कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया, जो मानव भवन सेक्टर-10 में हुई।
समिति ने ऐसे बालिग जोड़ों से आवेदन मांगे हैं, जिनमें लड़की की उम्र कम से कम 18 वर्ष और लड़के की उम्र 21 वर्ष या उससे अधिक हो। दोनों परिवारों की आपसी सहमति होनी चाहिए। समिति ने कहा है कि जो जोड़े इस सामूहिक विवाह में शामिल होना चाहते हैं, वे दोनों के आधार कार्ड, माता-पिता के आधार कार्ड, राशन कार्ड और परिवार पहचान पत्र की फोटोकॉपी समिति के सेक्टर-10 मार्केट स्थित कार्यालय मानव भवन में जमा करवा सकते हैं।
समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई अन्य सामाजिक कार्यों का भी निर्णय लिया गया। इनमें शामिल हैं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस व प्रतिभा सम्मान समारोह, 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर मानव सुपर 21 के शिक्षकों का सम्मान, अक्टूबर में रक्तदान शिविर और दिसंबर में सरकारी स्कूलों के जरूरतमंद बच्चों को वर्दी, स्टेशनरी और जूते देना है।
समिति के महासचिव सुरेंद्र जग्गा और चेयरमैन प्रोजेक्ट संजीव शर्मा ने सभी इच्छुक बालिग जोड़ों से समय रहते आवेदन जमा करने की अपील की है।

