Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 26 और 27 जुलाई को होने वाली हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ग्रुप-सी सीईटी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त विक्रम सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ लघु सचिवालय में बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
163 केंद्रों पर 1.70 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में 163 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 1 लाख 70 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करें।
परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द जारी होगी
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। इसमें केंद्र का पता, नजदीकी स्थान, आने-जाने के साधन और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि बाहरी परीक्षार्थियों को कोई परेशानी न हो।
बाहरी परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था
डीसी ने धर्मशालाएं, विश्राम गृह और अन्य उपयुक्त स्थानों पर बाहरी परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को रुकने या रहने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
परीक्षार्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था होगी सुलभ
डीसी ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए। फरीदाबाद आने-जाने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो।
सुरक्षा, बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था पुख्ता करें
डीसी ने एसडीएम को निर्देश दिए कि केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस को सतर्क मोड में रखा जाए।
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर होगा जारी
डीसी ने बताया कि जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां से परीक्षार्थियों को हर तरह की जानकारी और सहायता मिल सकेगी। इसके अलावा एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा।

