June 13, 2026

समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त विक्रम सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने लोगों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और तुरंत संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

डीसी ने बताया कि लोगों की अधिकतम शिकायतें परिवार पहचान पत्र में इनकम की गलत जानकारी, मेंबर जोड़ने, राशन कार्ड, अवैध कब्जे, पुलिस और बिजली विभाग से जुड़ी थीं।

उन्होंने कहा कि सरकार की पहल “समाधान शिविर” लोगों को एक ही जगह पर अपने कामों का हल देने का अच्छा जरिया बन रही है। इन शिविरों में स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, भूमि पंजीकरण, पेंशन, नक्शा पास करवाना, नो ड्यूज सर्टिफिकेट, बिजली-पानी जैसी कई सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा रहा है।

डीसी ने आम जनता से अपील की कि अगर उन्हें किसी भी विभाग से संबंधित परेशानी है, तो वे सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी ईमानदारी से लोगों की मदद के लिए काम कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।

इस मौके पर एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।