March 7, 2026

फरीदाबाद में डेंगू के संदिग्ध मामले बढ़े, अब तक 350 मरीज सामने आए

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस साल अब तक डेंगू के 350 संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें से 4 मरीजों में डेंगू और 7 में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है।

डेंगू और मलेरिया को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें जगह-जगह लोगों को जागरूक कर रही हैं। साथ ही एंटी लार्वा गतिविधियां भी तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडिज और मलेरिया फैलाने वाला एनाफिलीज मच्छर साफ पानी में पनपते हैं। घरों के आसपास जमा पानी, कूलर, गमले और पानी की टंकियों में इनके लार्वा पनप सकते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य बुखार और डेंगू के लक्षण मिलते-जुलते होते हैं। इसलिए लोग डेंगू की जांच करवाने पहुंच रहे हैं। दोनों ही स्थितियों में तेज बुखार, सिर दर्द और प्लेटलेट्स की कमी हो सकती है।

सरकारी लैब में डेंगू की जांच की व्यवस्था पूरी तरह निशुल्क है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, अगर लक्षण नजर आएं तो तुरंत जांच करवाएं और इलाज शुरू करें।