March 8, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 1.74 लाख की ठगी, बैंक खाता देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के एक मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था। यह कार्रवाई साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने की।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-88 की एक महिला ने शिकायत दी थी कि टेलीग्राम पर कुछ लोगों ने उससे टास्क पूरा कर पैसे कमाने का झांसा दिया। पहले टास्क के लिए उसने 5000 रुपये भेजे और बदले में 6500 रुपये मिले, जिससे वह विश्वास में आ गई। इसके बाद अलग-अलग टास्क के नाम पर महिला ने कुल 1,74,000 रुपये ठगों के खाते में भेज दिए। जब बार-बार पैसे मांगे जाने लगे तो उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने सिरसा जिले के गांव कुसम्बी निवासी मंदीप (उम्र 27) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि मंदीप ने सुरेंद्र नाम के व्यक्ति का खाता विक्रम से लेकर ठगों को दे दिया था। मंदीप हिसार की एक फैक्ट्री में काम करता है। सुरेंद्र और विक्रम को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस ने आरोपी मंदीप को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है ताकि आगे की जांच की जा सके।