March 8, 2026

लोगों ने नेहरू कॉलोनी को हटाने के नोटिस के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Faridabad/Alive News: एनआईटी तीन नंबर पहाड़ी पर बसी नेहरू कॉलोनी को हटाने के नोटिस के बाद कॉलोनी के हजारों लोगों ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय पर पहुंचकर उनके कार्यालय प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन है।

नेहरू कॉलोनी के हजारों महिला पुरुषों ने आज सोमवार को कॉलोनी को टूटने से बचाने के लिए फरीदाबाद के दोनों मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा हैं। निवासियों का कहना है कि प्रशासन ने 10 जुलाई को कॉलोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी गई है, वह लोग घबराहट में हैं और ऐसे में वह लोग बेघर हो जाएंगे।

लोगों ने बताया कि उनके विधायक धनेश अदलखा ने कॉलोनी नही तोड़ने देने का आश्वासन दिया और भरोसा दिया था कि कॉलोनी में नशे का कारोबार करने वालों को ही मकान टुटेगे, लेकिन अब सभी मकान तोड़ने की बात हो रही है। दो दिन पहले फिर से प्रशासन ने नया नोटिस चस्पा किया है जिस के बाद से लोगों में डर का माहौल है।

उन्होंने बताया कि कॉलोनी निवासियों का अब विधायक से विश्वास उठ गया है। क्योंकि कॉलोनी में कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उसके बावजूद नया नोटिस चस्पा कर दिया गया। इस संबंध में बातचीत करने के लिए विधायक से फिर से संपर्क करने की कोशिश की गई तो विधायक की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इससे आहत होकर आज कॉलोनी के लोगों केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के यहां पहुंचे हैं और ज्ञापन सौंपा है और अलॉटमेंट की मांग की है।

गुस्साए नेहरू कॉलोनी के निवासियों का यह भी कहना था कि जब वोट मांगने का समय आता है, तो नेता उनके दरवाज़े पहुंच जाते हैं, अब वक्त है कि वे अपने वादों को निभाएं। अगर, कार्रवाई हुई, तो वह लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

लोगों का कहना है कि नेहरू कॉलोनी में लगभग 20 हजार घर हैं, इन घरों में करीब एक लाख की आबादी है। ऐसे में यदि तोड़फोड़ हुई तो हजारों परिवार बेघर हो जाएंगे। लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से मंत्री से अपील की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और कॉलोनी को नियमित कराये।

स्थानीय प्रतिनिधियों की ओर से फिलहाल यह आश्वासन दिया गया है कि किसी तरह की जबरन कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि लोग अब भी लिखित में सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं।