Delhi/Alive News: हमारी कुछ रोजमर्रा की आदतें हमारी सेहत पर बुरा असर डालती हैं, खासकर हमारे लिवर पर। लिवर शरीर का बहुत जरूरी अंग है, जो खून को साफ करने और हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। लेकिन हमारी कुछ सुबह की गलत आदतें धीरे-धीरे लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं। अगर समय रहते उन्हें नहीं सुधारा गया, तो लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। आइए जानते हैं सुबह की कौन-सी आदतें लिवर के लिए हानिकारक है:
1. नाश्ता न करना
जल्दी में या वजन घटाने के चक्कर में कई लोग नाश्ता छोड़ देते हैं। लेकिन ऐसा करना लिवर के लिए ठीक नहीं होता। इससे शरीर में एनर्जी कम हो जाती है और लिवर पर ज़्यादा दबाव पड़ता है। लंबे समय तक ऐसा करने से फैटी लिवर की दिक्कत हो सकती है।
2. बहुत मीठा नाश्ता करना
सुबह पैक्ड जूस, फ्लेवर्ड दही या शुगर से भरे सीरियल खाने से लिवर में फैट जमा होने लगता है। इससे नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए ताजे फल, ओट्स, अंडा या मूंग दाल चीला जैसे हेल्दी विकल्प चुनें।
3. सुबह एक्सरसाइज न करना
अगर आप सुबह की एक्सरसाइज छोड़ देते हैं, तो शरीर में फैट बढ़ने लगता है और लिवर पर असर पड़ता है। रोज़ाना हल्की वॉक, योग या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग लिवर को हेल्दी रखने में मदद करती है।
4. खाली पेट सप्लीमेंट्स लेना
सुबह बिना कुछ खाए विटामिन या अन्य सप्लीमेंट्स लेने से लिवर को नुकसान हो सकता है। खासतौर पर आयरन या फिश ऑयल खाली पेट लेने से दिक्कत हो सकती है। इन्हें खाने के साथ लेना बेहतर होता है और डॉक्टर की सलाह जरूरी है।
5. जरूरत से ज्यादा डिटॉक्स ड्रिंक पीना
डिटॉक्स वॉटर, ग्रीन टी और हर्बल ड्रिंक्स सेहत के लिए अच्छे होते हैं, लेकिन अगर इसका ज्यादा सेवन किया जाए तो लिवर पर उल्टा असर पड़ सकता है। कुछ हर्ब्स लिवर और किडनी पर दबाव डाल सकते हैं, इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
सुबह की ये आम आदतें अगर रोज़ की दिनचर्या में शामिल हैं, तो उन्हें समय रहते सुधार लें। इससे आपका लिवर लंबे समय तक स्वस्थ बना रहेगा।

