March 7, 2026

कांग्रेस की गलतियों की सजा भुगत रही है हरियाणा की बीजेपी सरकार: धर्मवीर भड़ाना

Faridabad/Alive News: बीजेपी के वरिष्ठ नेता धर्मवीर भड़ाना ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार आज कांग्रेस के किए गए गलत फैसलों की सजा भुगत रही है। गुड़गांव-पाली रोड स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि 1990 में कांग्रेस सरकार के दौरान मंत्री रहे चौधरी महेंद्र प्रताप ने पाली और मोहताबाद गांव की पंचायत को बर्खास्त करवा दिया और गांव की कीमती जमीन नगर निगम को दे दी। कुछ समय बाद पंचायत तो बहाल कर दी गई, लेकिन पहाड़ी जमीन अब भी नगर निगम के पास है। ग्रामीण आज भी इस जमीन पर मालिकाना हक और मुआवज़े के लिए कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं।

भड़ाना ने कहा कि 1992 में कांग्रेस सरकार ने गांव की जमीन को वन विभाग के अंतर्गत डाल दिया और इसका विरोध भी नहीं किया गया। 2003 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालकर खदानें बंद करवा दी गईं, जिससे इलाके के लोगों की रोजी-रोटी छिन गई।

उन्होंने यह भी कहा कि 2012 में पाली-गुड़गांव रोड पर टोल टैक्स लगाया गया, जिससे गांव के लोगों को आज भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

अनंगपुर गांव में हुई तोड़फोड़ के मुद्दे पर भड़ाना ने कहा कि जब लोग केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मिले, तो उन्होंने आश्वासन दिया कि मकान नहीं टूटेंगे। इसके बाद लोग शांत हो गए, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने मौके पर जाकर लोगों को भड़काया और राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की।

भड़ाना ने कहा कि फरीदाबाद की जनता को कृष्णपाल गुर्जर पर पूरा भरोसा है, क्योंकि उनके कहने और करने में कोई फर्क नहीं है। प्रेस वार्ता में उनके साथ चौधरी आज़ाद भड़ाना और बिल्लू भगत भी मौजूद थे।