March 7, 2026

एक कमरे में चार लाशें: तीन के शरीर अकड़े हुए, अंदर चल रहा था एसी

Uttar Pradesh/Alive News: दक्षिणपुरी में पड़ोसियों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो चार एसी मैकेनिकों में से तीन के शरीर अकड़े हुए थे। कमरे में एसी भी चल रहा था। अलग-अलग तरह की कई गैस सिलिंडरों में थीं।

दिल्ली के आंबेडकर नगर स्थित दक्षिणपुरी में शनिवार सुबह एक बड़े हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कमरे में सोए चार एसी मैकेनिकों की संदिग्ध हालत में जान चली गई। आशंका व्यक्ति की जा रही है कि गैस की चपेट में आकर दम घुटने से मौत हुई। मौके पर पहुंची क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को इनके कमरे से नाइट्रोजन, एलपीजी, ऑक्सीजन और एसी में प्रयोग होने वाले गैस के सिलिंडर मिले हैं। ये चारों उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले थे। चारों की मौत से परिवार में मातम पसर गया है।

दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया, एसी मैकेनिकों की शिनाख्त बरेली के सीबी गंज स्थित सानिया रानी निवासी इमरान उर्फ सलमान (उम्र 30), मोहसिन (उम्र 20), हसीब (उम्र 25) और बरेली के गोटिया निवासी कपिल उर्फ अंकित रस्तोगी (उम्र 18) के रूप में हुई है। इमरान इन सभी को काम सिखाने के लिए दिल्ली लाए थे।

मौत की वजह जानने के लिए पुलिस विशेषज्ञों से संपर्क कर रही है। जानकारों का कहना है कि केवल नाइट्रोजन के सीधे संपर्क में आकर जान जाने की संभावना है। बाकी कमरे में ऑक्सीजन, एलपीजी और एसी की दूसरी गैस (22 नंबर, आर-32 और आर-410ए) भी मौजूद थीं।

ऐसा भी हो सकता है कि एक साथ दो गैस लीक होने से उनकी मौत हुई हो। पुलिस रसायन वैज्ञानिकों से बातचीत कर रही है। क्राइम टीम और एफएसएल ने बेहद बारीकी से इन सभी सिलिंडरों का मुआयना किया। बाकी पुलिस पोस्टमार्टम करने के लिए मेडिकल बोर्ड बनवाकर एक्सपर्ट से पीएम करवाने पर विचार कर रही है। इसके बाद तीनों की मौत का पता चल पाएगा।