March 7, 2026

सड़क की हुई मरम्मत, अब सुगम और सुरक्षित आवागमन करेंगे कांवड़िये

Faridabad/Alive News : कांवड़ यात्रा का आगाज होने वाला है। प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों काे लेकर बैठक कर रहे हैं। कांवड़ियों के रुट यानी कालिंदी कुंज काे जाने वाली सड़क की मरम्मत कर दी गई है। यह सड़क आगरा नहर किनारे से गुजरती है और 30 किलोमीटर का हिस्सा फरीदाबाद में है। कुछ दिन पहले तक सड़क की हालत बेहद खराब थी। जगह – जगह सड़क टूटी थी। बड़े गड्ढे हाे गए थे। ऐसे में कांवड़ियों का सुगम और सुरक्षित आवागमन नहीं रहता। एफएमडीए  की ओर से उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को सड़क की मरम्मत के लिए 50 लाख का बजट दिया था। अब अधिकतर  सड़क की मरम्मत हाे गई दाे तीन दिन में पूरी सड़क दुरुस्त हाे जाएगी। हालांकि इस सड़क पर जगह – जगह कचरे के ढेर पड़े हुए हैं।

वर्षा की वजह से उसमें बदबू रहती है। मलबा भी है। साइडाें में सीवर के बड़े पाईप भी हैं। बता दें औधोगिक नगरी की दिल्ली, ग्रेटर नोएडा, नोएडा से सीधी व सुगम कनेक्टिविटी इसी सड़क से है। वैसे इसे चार लेन करने की योजना तैयार की जा चुकी है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग काे सड़क निर्माण का बजट देगा। क्योंकि सड़क पर मालिकाना हक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग का है, इसलिए वही सड़क निर्माण करेगा। यह पूरी परियोजना 285 करोड़ की है।

सड़क काे दुरुस्त करने के लिए जितना बजट उतरप्रदेश सिंचाई विभाग ने मांगा था, उन्हें उपलब्ध करा दिया था। कांवड़ियों के रुट काे अब बिल्कुल ठीक करा दिया गया है।
-केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण