Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” पखवाड़ा के अंतर्गत सोमवार 7 जुलाई 2025 को प्रातः साढ़े ग्यारह बजे सेक्टर-15 स्थित सामुदायिक भवन में स्वच्छता शपथ और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के स्थानीय शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में फरीदाबाद की महापौर श्रीमती प्रवीण जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा बीमारियों से बचाव हेतु सफाई को जन आंदोलन बनाना है।
कार्यक्रम में स्थानीय शहरी निकाय विभाग के आयुक्त-सचिव विकास गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही आरडब्ल्यूए, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई मित्र भी भाग लेंगे।

