March 8, 2026

जेई पर हमले के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने छायंसा में दिया धरना, जल्द गिरफ्तारी की माँग

Faridabad/Alive News: बिजली विभाग के कर्मचारियों ने वीरवार को छायंसा सब-डिवीजन कार्यालय के बाहर धरना शुरू किया। यह प्रदर्शन 23 जून को गाँव फतेहपुर बुल्लोच में जेई राजकुमार और उनकी टीम पर हुए हमले के विरोध में किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिजली चोरी पकड़ने गई सरकारी टीम पर न केवल हमला हुआ, बल्कि उनका मोबाइल और पहचान पत्र भी छीन लिए गए। टीम को एक दुकान में बंद करके जबरन झूठे कागजों पर दस्तखत करवाए गए और वीडियो बनाकर फंसाने की कोशिश की गई।

इस घटना को लेकर थाना सदर बल्लभगढ़ में एफआईआर नंबर 174 दर्ज की गई है, जिसमें BNS 2023 की धाराएं 121(1), 132, 190, 191(3), और 221 लगाई गई हैं। इन धाराओं से साफ है कि यह सिर्फ मारपीट नहीं बल्कि सरकारी काम में रुकावट और गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

एसडीओ नीरज त्यागी ने एसएचओ को कई बार फोन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की माँग की है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो यह धरना बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।