June 13, 2026

झूठे रेप केस में फंसाकर करता था वसूली, एक आरोपी  गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: झूठे रेप केस में फंसाकर लोगों से जबरन वसूली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सेक्टर-16 की पुलिस ने की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, धीरज नामक युवक ने थाना सेक्टर-17 में शिकायत दी थी कि जुलाई 2023 में उसके खिलाफ एक फर्जी रेप का केस दर्ज करवाया गया था। इस केस को खत्म करने के बदले मुकेश नरवत नाम के व्यक्ति ने उससे 50 लाख रुपये की मांग की थी। पैसे ना देने पर वह जेल चला गया, लेकिन उसके बाद मुकेश ने उसके परिवार से 33 लाख रुपये वसूल लिए। इस मामले में थाना मुजेसर में केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मुकेश नरवत (उम्र 40), निवासी ग्रीन फील्ड कॉलोनी फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि मुकेश का क्राउन मॉल, सेक्टर-37 में एक स्पा सेंटर है। उसने साजिश के तहत धीरज को फिल्म दिखाने के बहाने बुलाया और स्पा में काम करने वाली लड़की को भी थिएटर में भेजा ताकि वह उसके साथ देखी जा सके। इसके बाद मुकेश ने धीरज को धमकी दी कि अगर उसने 50 लाख रुपये नहीं दिए, तो वह उस लड़की से उसके खिलाफ रेप का केस दर्ज करवा देगा। जब धीरज ने पैसे देने से मना कर दिया, तो झूठा केस दर्ज करवा दिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुकेश के खिलाफ पहले भी जबरन वसूली का मामला दर्ज है।पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।