March 8, 2026

तोड़फोड़ के दौरान भीड़ को उकसाने और हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के अरावली क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कब्जों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही थी। एक जुलाई को अनंगपुर स्थित कांत एन्क्लेव में तोड़फोड़ के दौरान भीड़ ने तोड़फोड़ कर रही टीम और कर्मचारियों पर पत्थरबाजी कर दी। इस हमले में सरकारी काम में बाधा आई और कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट हितेश की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में केस दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सूरजकुंड थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनंगपुर निवासी राजबीर (उम्र 65), नवीन (उम्र 28) और नचौली निवासी राजीव (उम्र 38) को गिरफ्तार किया है। 

जांच में पता चला कि जब तोड़फोड़ टीम राजबीर के घर पर कार्रवाई कर रही थी, तो उसका भतीजा नवीन बहाने से घर खाली कराने के नाम पर अपने साथियों को बुला लाया। इनमें उसका दोस्त राजीव भी शामिल था, जो पेशे से वकील है। नवीन और राजीव ने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद पथराव शुरू हो गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की है।