March 8, 2026

वार्ड-9 : पानी की पाइप लाइन डालने के लिए ढाई महीने पहले खोदी थी गली, न पानी आया और न ही बनी गली

Faridabad/Alive News : वार्ड-9 जवाहर कॉलोनी की गली नंबर-2 में रहने वाले लोगों का जीवन इन दिनों नरकीय बना हुआ है। यह गली 60 फीट एयरफोर्स और सारन स्कूल रोड को जोड़ने वाली मुख्य गली है। यहां पर नगर निगम प्रशासन ने करीब दो महीने पहले पानी की पाइप लाइन डालने के लिए खुदाई की थी। दो महीने बीतने के बाद भी ठेकेदार ने गली का निर्माण करना तो दूर गली को लोगों के चलने लायक तक नहीं छोड़ा।

ठेकेदार की लापरवाही की वजह से पाइप डालते समय गली की नालियां और सीवर के चेम्बर तक तोड़ दिए गए  है जिससे नाली का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गली के गड्ढों में भर गया हैं। जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। इतना ही नहीं यहां दुपहिया वाहन और गाड़ी घर में कैद हो गई हैं। यहां हर रोज लोग फीसल कर गिर रहे हैं। वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

इसी गली में सरकारी और निजी स्कूल के लिए जाने का मुख्य रास्ता है। यहां से स्कूल आने जाने वाले बच्चें कीचड से होकर स्कूल पहुंच रहे हैं। आज  सुबह बच्चे स्कूल जाते समय फिसल कर गिर गये है।

स्थानीय निवासी एवं बीजेपी नेता पूरन उपाध्याय, विनोद, जगदीश प्रसाद ने इसकी शिकायत विधायक सतीश फागन, बीजेपी पार्षद संगीता भाटिया के पति और नगर निगम अधिकारियों से की है लेकिन अभी तक न तो गली बनी और न ही पाईप लाईन में पानी आया। परंतु लोग बदहाल हैं।

क्या कहना स्थानीय निवासियों का
बारिश के कारण गली में पानी भर जाता है जिससे आने-जाने में दिक्कत होती है और गंदगी के कारण बदबू भी आ रही है। अभी तक नगर निगम अधिकारियों की तरफ से कोई हल नहीं निकाला गया। लगता है नगर निगम अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे है।
-हरिचंद, स्थानीय निवासी।

विधायक, पार्षद और नगर निगम के पास शिकायत दी लेकिन अभी तक गली कीचड़ का तालाब बन गई है। हमें घर से कहीं आने-जाने में परेशानी हो रही है। इतना ही नही गड्ढों में हमारे वाहन फंस कर क्षतिग्रस्त हो गये हैं।
-राकेश गुप्ता, स्थानीय निवासी।