March 8, 2026

अमरनाथ यात्रा के लिए तैयारियां पूरी, आज से शुरू हुआ तत्काल पंजीकरण

Delhi/Alive News: अमरनाथ यात्रा की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार से तीर्थयात्रियों के लिए तत्काल पंजीकरण शुरू हो गया है। एक जुलाई को जम्मू के भगवती नगर और श्रीनगर के पंथाचौक में यात्रा आधार शिविर खोल दिए जाएंगे। बिना आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) कार्ड के किसी को भी यात्रा करने की इजाज़त नहीं होगी।

पूरे रास्ते में लंगर और ठहरने की व्यवस्था कर दी गई है। यात्रा के दोनों रास्तों पहलगाम और बालटाल में कैंप निदेशक अपनी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। दो जुलाई को जम्मू से पहले जत्थे को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रवाना करेंगे और तीन जुलाई को पहली बार बाबा बर्फानी के दर्शन होंगे।

जम्मू में पंजीकरण के लिए पहले टोकन लेना होगा जो सरस्वती धाम से मिलेगा। यहां पांच पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं। जिन लोगों ने पहले से पंजीकरण कर लिया है उन्हें 60 केंद्रों पर आरएफआईडी कार्ड मिलेंगे।

गुफा मार्ग की मरम्मत, रेलिंग आदि का काम पूरा हो चुका है। बालटाल और नुनवन में टेंट लगाए गए हैं। यात्रा के दौरान 16 ऑक्सीजन बूथ बालटाल और 10 बूथ पहलगाम रूट पर बनाए गए हैं। 50 मेडिकल स्टेशन, अस्पताल और हेल्थ कैंप भी तैयार हैं।

भोजन और रहने की पूरी व्यवस्था

लखनपुर से बनिहाल तक 141 आवास केंद्र बनाए गए हैं जहां 50,000 से ज़्यादा श्रद्धालु ठहर सकते हैं। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। दोनों रास्तों को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और इस बार हेलीकॉप्टर सेवा नहीं होगी। पहले दिन के दर्शन में प्रशासन और सुरक्षा अधिकारी भी शामिल होंगे।

जम्मू से यात्रा का जत्था हर रोज़ सुबह 4 बजे रवाना होगा और 10 बजे तक बनिहाल पार कर लेगा।