March 8, 2026

महिला मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, ठेकेदार व मिस्त्री पर संदेह

मृतक महिला के पति संजय कॉलोनी सेक्टर 23 निवासी गीतव सिंह

Faridabad/Alive News: एक महिला मजदूर की कल शनिवार चार बजे संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक हत्या है। पति को ठेकेदार व मिस्त्री पर संदेह है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमोर्टम के लिए बीके मोर्चरी में रखवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराके जल्द ही परिजनों  को सौंप दिया जाएगा।

मृतक महिला के पति संजय कॉलोनी सेक्टर 23 निवासी गीतव सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी का नाम सावित्री देवी है। जो सर्वगुण नगर में मजदूरी का काम करने गई थी। गीतव सिंह का आरोप है कि उसकी पत्नी की हत्या मिस्त्री व ठेकेदार ने की है।

परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने रोज की तरह अपने पति के लिए खाना बनाया और अपनी बेटी को खाना खिलाकर काम पर गई थी। दोपहर को उसके पति ने उससे फोन पर बात भी की थी। लेकिन जब शाम को उसने फिर अपनी पत्नी से बात करने के लिए फोन किया तो पत्नी का फोन नहीं लगा। शाम साढ़े छ: बजे एक  मिस्त्री गीतव को बुलाने आया और उससे कहा कि उसकी पत्नी को पुलिस वालों ने पकड़ लिया है। जब मिस्त्री गीतव सिंह को उसकी पत्नी के पास लेकर गया तब गीतव सिंह ने वहां अपनी पत्नी के शव को देखा साथ ही पुलिस ,डॉक्टर तथा मीडिया के लोग भी मौजूद थे। गीतव हमें बिना बताए उस  मिस्त्री के साथ गया था। यह सब हमें बाद में पता चला ।