Delhi/Alive News: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में रविवार तड़के रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया। इस हमले में यूक्रेन का एक F-16 लड़ाकू विमान गिरा दिया गया और उसमें बैठे पायलट की मौत हो गई। यूक्रेनी सेना ने इस जानकारी की पुष्टि की है।
बताया गया कि यह वही F-16 फाइटर जेट है जो अमेरिका ने यूक्रेन को दिया है और ऐसा ही विमान पाकिस्तान के पास भी है। पायलट ने हमला शुरू होने के बाद दुश्मन के सात हवाई हथियारों को नष्ट किया, लेकिन आखिरी लक्ष्य को मारने के दौरान उसका विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसने कोशिश की कि विमान आबादी वाले इलाके पर न गिरे, लेकिन वह समय रहते बाहर नहीं निकल सका और उसकी जान चली गई।
यह तीसरी बार है जब रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन का F-16 विमान गिराया गया है। इस हमले में रूस ने कुल 477 ड्रोन और 60 मिसाइलें दागीं। यूक्रेनी सेना ने इनमें से 211 ड्रोन और 38 मिसाइलों को मार गिराया।
हमले में यूक्रेन के ल्वीव, पोल्टावा, मायकोलाइव, डनिप्रोपेट्रोव्स्क और चेरकासी जैसे शहर निशाने पर आए। इन इलाकों में कई मकानों और जरूरी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। अब तक कम से कम 6 लोगों के घायल होने की खबर है।

