March 7, 2026

प्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा में देखते बना श्रद्धालुओं का उत्साह

Faridabad/Alive News: शुक्रवार की शाम औद्योगिक नगरी में सेक्टर -15ए का प्रमुख मार्ग भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा और दाऊ बलभद्र के जयघोष से गूंज उठा। अवसर था भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का। सेक्टर -15ए स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर से शुरू हुई रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं उत्साह व उल्लास देखते ही बनता था। मंदिर कमेटी की ओर से करीब 30 फुट ऊंचा रथ बनाया गया, जो जगन्नाथ पूरी की तर्ज पर आधारित हैं।

श्रद्धालुओं में रथ को खींचने की होड़ लगी थी। श्रद्धालु रथ को खींचना अपना सौभाग्य मानते हैं। श्रद्धा और उत्साह के साथ जयकारों के बीच रथ को बारी – बारी खींचने का दृश्य भव्य बन रहा था। यात्रा में जय श्री जगन्नाथ को समर्पित हरे कृष्णा हरे रामा के भक्ति गीतों से माहौल आनंदित होता नजर आया। विभिन्न इलाकों से होते रथ यात्रा सेक्टर -16 स्थित पुराने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निकट बनाए गए मौसी के घर पहुंची। भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और दाऊ बलभद्र यहां कुछ दिनों तक विश्राम करेंगे। रथयात्रा जिस मार्ग से निकली, उस रास्ते पर पुष्प वर्षा भी हुई और श्रद्धालुओं ने स्वागत भी किया।