September 16, 2026

महिला सुरक्षा को लेकर फरीदाबाद पुलिस का बड़ा कदम, महिला पुलिस कर्मचारियों की टीमें गठित

Faridabad/Alive News: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है जिसके तहत फरीदाबाद पुलिस के प्रत्येक जोन में महिला थाना प्रबंधक की अध्यक्षता में रेड डॉट नाम से टीम गठित की गई है, ये टीम जगह-जगह जाकर महिलाओं को जागरूक कर फीडबैक लेंगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार महिलाओं की सुरक्षा व उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी देने के लिए जोनवार प्रबन्धक थाना महिला को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर महिला पुलिस कर्मचारियों की रेड डॉट टीम गठित की गई है।

ये टीम अपने-अपने जोन में महिला कार्यस्थलों, स्कूल, कॉलेज, फैक्टरियों, पार्को, बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं से सम्पर्क कर उनको जागरूक करेगी तथा घरेलू हिंसा व महिला उत्पीडन से सम्बन्धित फीडबैक लेगी। साथ ही ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पर महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

पिछले सप्ताह 18 से 24 जून तक गठित टीमों के ने जोनवार सर्वे किया था। इस सर्वे में एन.आई.टी. से 133, सैन्ट्रल सें 201 तथा बल्लबगढ जोन से 198 महिलाओं के फीडबैक लिये गये हैं।